cbamazon
उत्तर प्रदेश

'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के अंतर्गत यारा बबराला में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का भव्य आयोजन!

'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के अंतर्गत यारा बबराला में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का भव्य आयोजन!

बुलन्द संदेश /ब्यूरो

बबराला (सम्भल) बबराला के पास यारा फर्टिलाइजर्स में आज12 जुलाई को

पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से यारा फर्टिलाइजर्स, बबराला परिसर स्थित डीएवी फर्टिलाइज़र पब्लिक स्कूल, बबराला, जनपद सम्भल (उ.प्र.) में 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती रेखा यादव (बी.डी.पी.ओ., सम्भल) ने किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्री आंजनेय कुमार सिंह, नोडल अधिकारी, जनपद सम्भल एवं आयुक्त, मुरादाबाद मंडल उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में मा.अजीत कुमार उर्फ राजू यादव पूर्व मंत्री,अंकित खण्डेलवाल जिलाधिकारी सम्भल , कृष्ण कुमार विश्नोई पुलिस अधीक्षक सम्भल, गोरखनाथ भट्ट मुख्य विकास अधिकारी, सम्भल श्रीमती प्रीति यादव प्रभागीय वनाधिकारी सम्भल , तथा माया शंकर प्रसाद (वरिष्ठ उपाध्यक्ष, यारा फर्टिलाइजर्स, बबराला विशेष रूप से उपस्थित रहे।डीएवी फर्टिलाइज़र पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत एवं पर्यावरण संरक्षण पर आधारित प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया तथा प्रकृति संरक्षण का प्रेरक संदेश दिया।अपने संबोधन में प्रभागीय वनाधिकारी श्रीमती प्रीति यादव ने अधिकाधिक वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया। पूर्व मंत्री श्री अजीत कुमार उर्फ राजू यादव ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सामाजिक सहभागिता के महत्व पर प्रकाश डाला।मुख्य अतिथि श्री आंजनेय कुमार सिंह ने कहा कि 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान मातृ सम्मान और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता का अद्भुत प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहकर उनके संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने सामाजिक भागीदारी को पर्यावरण संरक्षण की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए प्रत्येक नागरिक से वर्ष में कम से कम 33 दिन समाज और पर्यावरण के लिए समर्पित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि केवल अधिकारियों को दोष देने के बजाय यदि समाज के सभी वर्ग मिलकर कार्य करें तो पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को आसानी से प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि आज हम वन्य जीवों को अपने क्षेत्रों में आने के लिए दोष देते हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि हमने ही उनके प्राकृतिक आवासों का निरंतर अतिक्रमण और विनाश किया है।

 

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, अधिकारियों, विद्यालय परिवार एवं यारा फर्टिलाइजर्स के कर्मचारियों ने परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

अंत में यारा फर्टिलाइजर्स, बबराला के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री माया शंकर प्रसाद ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए यारा द्वारा पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा हरित विकास के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों और प्राप्त राष्ट्रीय सम्मान एवं पुरस्कारों का उल्लेख किया तथा सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि यारा बबराला परिसर में हरित क्षेत्र के विस्तार, जैव विविधता संरक्षण तथा पर्यावरणीय पहलों के अंतर्गत निरंतर व्यापक वृक्षारोपण, हरित पट्टी के विकास एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण हेतु सतत प्रयास किए जा रहे हैं।