- *एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने जारी किये आदेश, आवेदन के लिए करना होगा ऑनलाइन पंजीकरण*
बुलंद संदेश ब्यूरो लखनऊ।
लखनऊ विकास प्राधिकरण एक बार फिर अनंत नगर योजना के 460 भूखण्डों का पंजीकरण खोलने जा रहा है। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने शुक्रवार को इस बाबत आदेश जारी कर दिये हैं। जिसके तहत 09 अगस्त से 09 सितम्बर , 2026 तक भूखण्डों के लिए पंजीकरण खोला जाएगा। इसमें आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और भूखण्डों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि मोहान रोड पर 785 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित की जा रही अनंत नगर योजना में लगभग डेढ़ लाख लोगों के आशियाने का सपना साकार होगा। योजना का विकास अंतरराष्ट्रीय मानकों के अंतर्गत ग्रिड पैटर्न पर किया जा रहा है। जिसमें चैड़ी सड़कों के साथ निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए भूमिगत केबल बिछायी जा रही हैं। योजना में बड़े हिस्से में एडुटेक सिटी विकसित की जाएगी। वहीं, लगभग 130 एकड़ भूमि पर पार्कों व ग्रीन स्पेस का विकास किया जाएगा, जोकि योजना को पर्यावरण के अनुकूल एक हरा-भरा क्षेत्र बनाएगा।
*आशीष खण्ड में 460 भूखण्ड*
अनंत नगर योजना में पहले 04 चरणों में लगभग 1700 भूखण्डों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से किया जा चुका है। जिसमें 35 हजार से अधिक लोगों ने पंजीकरण धनराशि जमा कराके प्रतिभाग किया था। पांचवें चरण में आशीष खण्ड के 460 भूखण्डों के लिए पंजीकरण खोला जा रहा है। उपाध्यक्ष ने बताया कि रविवार से पोर्टल लाइव हो जाएगा और लोग 09 सितम्बर, 2026 तक भूखण्डों के लिए पंजीकरण करा सकेंगे।
*ऐसे करना होगा पंजीकरण*
आवेदन के लिए लोगों को एलडीए की वेबसाइट registration.ldalucknow.in पर लॉगइन करके पंजीकरण पुस्तिका खरीदनी होगी। जिसके बाद भूखण्ड के अनुमानित मूल्य की 05 प्रतिशत पंजीकरण धनराशि जमा कराके रजिस्ट्रेशन कराना होगा। सफलतापूर्वक पंजीकरण कराने वाले आवेदकों के मध्य भूखण्डों का आवंटन पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।
*03 श्रेणी के हैं भूखण्ड*
अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि कुल 460 भूखण्डों के लिए पंजीकरण खोला जा रहा है। इसमें 200 वर्गमीटर के 23, 162 वर्गमीटर के 12 और 112.5 वर्गमीटर क्षेत्रफल के 425 भूखण्ड शामिल हैं।


