बुलन्द संदेश/लायबा नूर
संभल चंदौसी में आस्था और भव्यता का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा,जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज एशिया की सबसे विशाल 145 फीट ऊंची भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का भव्य अनावरण करेंगे। इस ऐतिहासिक क्षण को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
मेला गणेश चौथ के संस्थापक एवं संभल गौरव स्वर्गीय डॉ.गिरिराज किशोर गुप्ता के अथक प्रयासों से इस विशाल प्रतिमा का निर्माण करीब 16 वर्षों में पूरा हुआ है। उनकी दूरदर्शिता और आस्था का ही परिणाम है कि आज चंदौसी धार्मिक मानचित्र पर एक नई पहचान बनाने जा रहा है। प्रतिमा की ऊंचाई और भव्यता इसे न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश में आकर्षण का केंद्र बनाएगी।अनावरण कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं,साथ ही श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। कार्यक्रम में काफी संख्या में श्रद्धालुओं और गणमान्य लोगों के पहुंचने की संभावना है।स्थानीय लोगों का कहना है कि यह प्रतिमा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बनेगी,बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा देगी,जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। वर्षों के इंतजार के बाद अब यह सपना साकार होने जा रहा है,जिससे पूरे संभल जनपद में खुशी और गर्व का माहौल है।


