बुलन्द संदेश /ब्यूरो
मोदीनगर (अनवर खान)। एसआरएम इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी दिल्ली-एनसीआर परिसर के कंप्यूटर एप्लीकेशन्स विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए मंगलवार को ईश्वरी ऑडिटोरियम में इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षणिक संस्कृति, मूल्यों एवं उपलब्ध अवसरों से परिचित कराना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। विभागाध्यक्ष डॉ अर्निका जैन ने स्वागत भाषण में विद्यार्थियों का अभिनंदन करते हुए उन्हें शैक्षणिक उत्कृष्टता, नवाचार और व्यक्तित्व विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर डॉ आर.पी. महापात्रा और डॉ एस. विश्वनाथन ने विद्यार्थियों को अनुशासन, नैतिक मूल्यों, सतत अध्ययन तथा व्यावसायिक दक्षता के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने विश्वविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों, अनुसंधान सुविधाओं और नवाचार के अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में डॉ राजीव कुमार शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। द्वितीय सत्र में विभिन्न विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किए गए। डॉ विनोथ कुमार एम. ने शैक्षणिक ईमानदारी और नैतिक आचरण पर विचार रखे, जबकि मनीषा चौधरी ने विद्यार्थियों को करियर निर्माण एवं रोजगार के अवसरों की जानकारी दी। केशव त्यागी ने कौशल विकास, नवाचार और उद्योग से जुड़ने के अवसरों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का समापन “अपने मेंटर्स को जानिए” सत्र और राष्ट्रगान के साथ हुआ।
आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए विश्वविद्यालय जीवन की प्रेरणादायी शुरुआत साबित हुआ।


