बुलन्द संदेश/ दानिश अली
सम्भल। भारतीय किसान यूनियन (असली) अराजनैतिक के पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत मंगलवार को बड़ी संख्या में किसान बबराला मंडी समिति में एकत्र हुए। यहां से किसानों ने बाइक रैली निकालकर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) गुन्नौर को ज्ञापन देने के लिए कूच किया। एसडीएम के मौके पर मौजूद न होने से किसानों में नाराजगी फैल गई और वे धरने पर बैठ गए। करीब एक घंटे तक चले धरने के बाद एलआईयू के माध्यम से सूचना मिलने पर एसडीएम धरनास्थल पहुंचे। उन्होंने किसानों की समस्याएं सुनीं और ज्ञापन स्वीकार किया।
किसानों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन में भारत-अमेरिका समझौता रद्द करने,न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर कानूनी गारंटी लागू करने समेत कई राष्ट्रीय मांगें उठाईं। इसके अलावा स्थानीय समस्याओं को लेकर अलग ज्ञापन भी सौंपा गया।ज्ञापन में आवारा गोवंश से फसलों की सुरक्षा, क्षतिग्रस्त सड़कों और बांधों की मरम्मत, गांवों में जलभराव की समस्या का समाधान,जंगली जानवरों से किसानों की सुरक्षा,किसानों की जरूरत के लिए मिट्टी और बालू को खनन प्रतिबंध से बाहर करने तथा मुरादाबाद-अलीगढ़ एक्सप्रेसवे के लिए अधिग्रहित भूमि का सर्किल रेट से चार गुना मुआवजा दिलाने की मांग की गई। साथ ही अवैध कब्जों को हटाने और सार्वजनिक वितरण प्रणाली (राशन व्यवस्था) में सुधार की भी मांग उठाई गई।एसडीएम गुन्नौर ने किसानों को भरोसा दिलाया कि स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए जल्द संबंधित विभागों के अधिकारियों और भारतीय किसान यूनियन (असली) के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।बाइक रैली का संचालन जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह यादव ने किया। इस दौरान राष्ट्रीय प्रमुख सचिव ऋषिपाल सिंह यादव,मास्टर जयवीर सिंह यादव,जाकिर हुसैन आदि उपस्थित रहे।


