cbamazon
उत्तर प्रदेश

गंदगी पर गिरी गाज,दो सफाई नायक पद से हटाए गए 

गंदगी पर गिरी गाज,दो सफाई नायक पद से हटाए गए 

 

 

बुलन्द संदेश/लायबा नूर

 

चंदौसी।नगर क्षेत्र में खराब सफाई व्यवस्था पर जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई कर दी। शनिवार को निरीक्षण के दौरान गंदगी मिलने पर नाराज जिलाधिकारी के निर्देश के बाद दो सफाई नायकों को पद से हटाकर सफाई कर्मी बना दिया गया।इस कार्रवाई से नगर पालिका में हड़कंप मच गया है।

       जानकारी के अनुसार, जिलाधिकारी ने शनिवार को चंदौसी में सम्पूर्ण समाधान दिवस के बाद नगर क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान कई मार्गों पर सफाई व्यवस्था बेहद खराब पाई गई।जगह-जगह कूड़ा और गंदगी देखकर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी जताई और मौके पर ही अधिशासी अधिकारी सत्येन्द्र प्रकाश को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में नगर पालिका परिषद चंदौसी के अधिशासी अधिकारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफाई नायक रीतेश कुमार और राजू को उनके पद से हटाकर सफाई कर्मी के पद पर तैनात कर दिया।अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई लापरवाही बरतने वालों को सख्त संदेश देने के लिए की गई है।जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा है कि नगर क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।इस कार्रवाई के बाद नगर पालिका के कर्मचारियों में सतर्कता बढ़ गई है और सफाई व्यवस्था सुधारने की कवायद तेज कर दी गई है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए बेहतर सफाई व्यवस्था की उम्मीद जताई है।