cbamazon
उत्तर प्रदेश

गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा

गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा

 

 

 डिवाइडर से टकराई डबल डेकर बस 2 की मौत,24 से अधिक घायल

 

बुलन्द संदेश/ दानिश अली 

 

सम्भल गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया,जब यात्रियों से भरी तेज रफ्तार डबल डेकर/सेमी डीलक्स बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।हादसे में दो यात्रियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई,जबकि दो दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कई घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है,जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

      प्राप्त जानकारी के अनुसार बस बहराइच से जालंधर की ओर जा रही थी।बहजोई क्षेत्र के लहरावन इंटरचेंज के पास पहुंचते ही चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई,जिससे बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कई लोग बस के अंदर ही फंस गए।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस,एंबुलेंस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।घटनास्थल पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और एक्सप्रेसवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात को सुचारु कराया।पुलिस अधिकारियों के अनुसार हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में चालक को नींद आने की बात सामने आ रही है। प्रशासन ने घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।