बुलन्द संदेश ब्यूरो
अमरोहा (डा. महताब अमरोहवी )जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ के निर्देश पर गंगा तटीय क्षेत्रों में जलस्तर की निरंतर निगरानी की जा रही है।इसी क्रम में उपजिलाधिकारी धनौरा शैलेश कुमार दुबे ने तिगरी,पपसरा खादर, दरानगर एवं सिसौवाली सहित गंगा तटीय गांवों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा ग्रामीणों से संवाद कर वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की।निरीक्षण के दौरान सिसौवाली गांव में ग्रामीणों के अधिक आवागमन को देखते हुए दो अतिरिक्त नावों की व्यवस्था कराई गई। वहीं चकनवाला क्षेत्र में पूर्व से ही दो नावें संचालित हैं, जिससे लोगों के आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।निरीक्षण में पाया गया कि वर्तमान समय में गांवों की ओर जाने वाले मार्गों पर कहीं भी पानी नहीं पहुंचा है। केवल गंगा नदी की ओर स्थित खादर क्षेत्र के उन खेतों में पानी आया है, जहां प्रतिवर्ष सामान्य रूप से जलभराव की स्थिति बनती है।तिगरी क्षेत्र में गंगा के जलस्तर में हल्की वृद्धि दर्ज होने पर एहतियात के तौर पर नदी किनारे अस्थायी झोपड़ियां हटाने के निर्देश संबंधित लोगों को दिए गए हैं, ताकि किसी भी संभावित स्थिति से पूर्व ही सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।उपजिलाधिकारी ने ग्रामीणों को अवगत कराया कि वर्तमान में क्षेत्र की स्थिति पूरी तरह सामान्य है तथा प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ लगातार निगरानी कर रहा है। पशुओं के चारे की उपलब्धता एवं आवश्यक आवागमन के लिए नावों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि गंगा तटीय क्षेत्रों में सतत निगरानी बनाए रखें तथा किसी भी परिस्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


