बुलन्द संदेश ब्यूरो
औजार बरामद कराने ले गई थी पुलिस, खेत में छिपाए तमंचे से फायरिंग का आरोप; जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ आरोपी
संवाददाता: जावेद अब्बासी
सरधना। गौकशी के मामले में गिरफ्तार आरोपी से औजार बरामद कराने गई सरधना पुलिस की गुरुवार को मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार आरोपी ने ईख के खेत में छिपाए गए तमंचे से पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर सीएचसी में भर्ती कराया गया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी उजैफा पुत्र अनीस उर्फ गोला निवासी ग्राम रुहासा थाना दौराला, हाल निवासी फतेउल्लापुर थाना लोहियानगर है। वह थाना सरधना में दर्ज गौवध अधिनियम के मुकदमे में गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के बाद पुलिस उसे गौकशी में प्रयुक्त औजार बरामद कराने के लिए लेकर गई थी।
बताया गया कि ईख के खेत में पहले से छिपाकर रखे गए प्लास्टिक के बोरे से औजार निकालने के दौरान आरोपी ने वहीं छिपाए गए 12 बोर के तमंचे से पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गंडासा, रस्सा सहित गौकशी के औजार, एक 12 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस पर जानलेवा हमला और आयुध अधिनियम की धाराओं में एक और मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ मेरठ जनपद के विभिन्न थानों में गौवध अधिनियम और अन्य गंभीर धाराओं में पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


