cbamazon
उत्तर प्रदेश

गुलमोहर एनक्लेव में निजी EV चार्जिंग पॉइंट्स की सुरक्षा पर उठे सवाल, जांच व फायर सेफ्टी ऑडिट की मांग

गुलमोहर एनक्लेव में निजी EV चार्जिंग पॉइंट्स की सुरक्षा पर उठे सवाल, जांच व फायर सेफ्टी ऑडिट की मांग

गुलमोहर एनक्लेव में निजी EV चार्जिंग पॉइंट्स की सुरक्षा पर उठे सवाल, जांच व फायर सेफ्टी ऑडिट की मांग

 

गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एनक्लेव सोसायटी में निजी स्तर पर लगाए जा रहे इलेक्ट्रिक वाहन (EV) चार्जिंग पॉइंट्स की सुरक्षा को लेकर निवासी गौरव बंसल ने जिलाधिकारी गाजियाबाद को प्रार्थना पत्र सौंपकर जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। प्रार्थना पत्र की प्रतिलिपि प्रधानमंत्री कार्यालय, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) तथा गुलमोहर एनक्लेव RWA के सचिव को भी भेजी गई है।

गौरव बंसल ने अपने आवेदन में कहा है कि सोसायटी में कुछ निवासी पार्किंग एवं अन्य स्थानों पर निजी स्तर पर EV चार्जिंग पॉइंट स्थापित कर रहे हैं। उनका आरोप है कि यह कार्य बिना स्पष्ट सुरक्षा मानकों, आवश्यक अनुमतियों तथा फायर सेफ्टी ऑडिट के किया जा रहा है, जिससे भविष्य में गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। उन्होंने बताया कि लिथियम-आयन बैटरियों में आग लगने की घटनाएं अत्यंत गंभीर होती हैं और बेसमेंट या पार्किंग जैसे सीमित वेंटिलेशन वाले स्थानों में ऐसी घटना पूरे भवन और निवासियों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकती है।

प्रार्थना पत्र में मांग की गई है कि सोसायटी में स्थापित अथवा प्रस्तावित सभी EV चार्जिंग पॉइंट्स की सक्षम अधिकारियों से जांच कराई जाए। बिना निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं आवश्यक स्वीकृतियों के लगाए गए चार्जिंग पॉइंट्स पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा विद्युत सुरक्षा विभाग, अग्निशमन विभाग और अन्य संबंधित विभागों द्वारा संयुक्त निरीक्षण एवं फायर सेफ्टी ऑडिट कराया जाए।

इसके अलावा RWA को निर्देशित किए जाने की भी मांग की गई है कि भविष्य में किसी भी EV चार्जिंग पॉइंट की स्थापना केवल सक्षम विभागों की अनुमति एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही की जाए। यदि सोसायटी में आवश्यकता हो तो सभी मानकों का पालन करते हुए एक सुरक्षित कॉमन EV चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने पर विचार किया जाए तथा सभी निवासियों को विद्युत एवं अग्नि सुरक्षा संबंधी नियमों से अवगत कराया जाए।

गौरव बंसल ने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि हाल ही में उनके फ्लैट में आग लगने की घटना हो चुकी है। उनका कहना है कि यह घटना सुरक्षा मानकों के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही के संभावित गंभीर परिणामों की ओर संकेत करती है। उन्होंने प्रशासन से इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।