●योजनाओं की दी विस्तृत जानकारी
बुलन्द संदेश/लल्ला सलमानी
गुन्नौर। तहसील क्षेत्र में शनिवार को उ०प्र० खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा तहसील स्तरीय एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्वरोजगार से जोड़ना एवं सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम में जिला ग्रामोद्योग अधिकारी अनिल कुमार कर्णवाल ने उपस्थित प्रतिभागियों को विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना,प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP),मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना तथा माटीकला टूल किट्स योजना के माध्यम से युवाओं और कारीगरों को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ ही कौशल सुधार प्रशिक्षण कार्यक्रमों के जरिए लाभार्थियों को रोजगार के लिए प्रशिक्षित भी किया जाता है।उन्होंने बैंक से जुड़ी समस्याओं और उनके समाधान पर भी प्रकाश डालते हुए बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी किस प्रकार आसानी से ऋण प्राप्त कर अपना व्यवसाय शुरू कर सकते हैं।अधिकारियों ने योजनाओं के आवेदन प्रक्रिया, पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी विस्तार से दी।कार्यक्रम में पंजाब नेशनल बैंक गुन्नौर के शाखा प्रबंधक,जनप्रतिनिधि, विभागीय कर्मचारी तथा 55 से अधिक स्थानीय प्रतिभागी उपस्थित रहे। प्रतिभागियों ने योजनाओं में गहरी रुचि दिखाई और कई लोगों ने मौके पर ही आवेदन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली।अधिकारियों ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और युवाओं को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरणा मिलेगी।


