cbamazon
उत्तर प्रदेश

गुरु आज्ञा में चलने पर ही शिष्य का कल्याण होता है : सतपाल जी महाराज

गुरु आज्ञा में चलने पर ही शिष्य का कल्याण होता है : सतपाल जी महाराज

बुलन्द संदेश ब्यूरो

 

सतपाल जी महाराज ने देशवासियों को गुरु पूजा की दी शुभकामनाए

 

 

मुरादनगर। (नासिर मंसूरी) मानव उत्थान सेवा समिति के तत्वावधान में गंगनहर स्थित सतलोक आश्रम के श्री हंस इंटर कॉलेज प्रांगण में आयोजित गुरु पूजा महोत्सव के द्वितीय दिवस विशाल सत्संग समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सुविख्यात समाजसेवी एवं आध्यात्मिक गुरु सतपाल जी महाराज ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि गुरु पूजा का पर्व शिष्य को ध्यान, सेवा, सत्संग तथा गुरु आज्ञा का पालन करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि गुरु की आज्ञा में चलने पर ही शिष्य का वास्तविक कल्याण संभव है।

महाराज जी ने कहा कि जिस प्रकार गृहस्वामी अपने घर का कूड़ा बाहर निकालकर उसे स्वच्छ रखता है, उसी प्रकार मनुष्य को भी अपने मन में व्याप्त ईर्ष्या, द्वेष एवं अन्य विकारों रूपी कूड़े को बाहर निकालना चाहिए। यह कार्य सत्संग श्रवण और उसके उपदेशों को जीवन में अपनाने से ही संभव है। उन्होंने कहा कि सत्संग का उद्देश्य केवल सुनना नहीं, बल्कि उसके संदेशों को व्यवहार में उतारना है, तभी मन निर्मल और पवित्र बनता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विश्व अशांति के दौर से गुजर रहा है। एक देश दूसरे देश से युद्ध कर रहा है, जिसके कारण सरकारों को विकास कार्यों के बजाय युद्ध सामग्री के निर्माण पर भारी धनराशि व्यय करनी पड़ रही है। यदि आध्यात्म का व्यापक प्रचार-प्रसार हो और मानवता में सद्भावना का विकास हो, तो देश ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में शांति स्थापित हो सकती है।

रामचरितमानस का उल्लेख करते हुए श्री सतपाल जी महाराज ने कहा कि जब-जब धर्म की हानि होती है, तब-तब महान ज्ञानी पुरुष धर्म की स्थापना के लिए धरती पर अवतरित होते हैं। उन्होंने कहा कि आज भले ही राक्षसों का स्वरूप बदल गया हो, लेकिन आतंकवाद, हिंसा और मानव द्वारा मानव की हत्या जैसी घटनाएं अधर्म का ही रूप हैं। ऐसे समय में महान पुरुष ज्ञान का प्रकाश फैलाकर लोगों के भीतर धर्म और मानवता की स्थापना करते हैं।