बुलन्द संदेश /ब्यूरो
'एक पेड़, सौ सुख' का दिया संदेश, पर्यावरण संरक्षण और पौधों की देखभाल का लिया संकल्प
मसूरी (गाजियाबाद)। ग्राम पंचायत मसूरी में पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और बड़ी संख्या में ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में हाजी साबिर अली, हाजी असलम, जिला पंचायत प्रत्याशी एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष अफसर अली, अकरम, डॉ. दानिश, शमशाद, सलीम टाटा, चौधरी फरमान, चौधरी सरोज, सैफ अली, फिरोज अली सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए पौधारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से "एक पेड़, सौ सुख" के संदेश को अपनाते हुए अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाने और उसकी जिम्मेदारी के साथ देखभाल करने की अपील की।
वक्ताओं ने कहा कि पौधारोपण केवल एक सामाजिक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण, शुद्ध हवा और बेहतर भविष्य देने का संकल्प है। यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करे, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव संभव है।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने तथा ग्राम पंचायत मसूरी को हरा-भरा, स्वच्छ और पर्यावरण के प्रति जागरूक ग्राम बनाने का सामूहिक संकल्प लिया


