cbamazon
उत्तर प्रदेश

गुरु पूर्णिमा पर हरि बाबा बांध धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

गुरु पूर्णिमा पर हरि बाबा बांध धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

 

 

 

पूर्व मंत्री डीपी यादव व गगन यादव ने टेका मत्था

 

बुलन्द संदेश/ लल्ला सलमानी 

 

सम्भल गवाॅं के नजदीक गंगा किनारे पर स्थित हरि बाबा बांधधाम पर आज गुरु पूर्णिमा महोत्सव के अवसर पर क्षेत्र के प्रसिद्ध हरि बाबा आश्रम, बांध धाम आश्रम में बुधवार को आस्था का विराट जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही लाखों श्रद्धालु आश्रम पहुंचने लगे और पूरे दिन 'हरि बोल',हरि बोल, गुरु ब्रह्मा, गुरु विष्णु,गुरु देवो महेश्वरः'के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने हरि बाबा के चरणों में मत्था टेककर सुख-समृद्धि और लोककल्याण की कामना की।

गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दौरान आश्रम परिसर में धार्मिक आयोजनों की धूम रही। एक ओर अखंड कीर्तन और भजन -कीर्तन का क्रम चलता रहा तो दूसरी ओर वृंदावन से आए कलाकारों ने मनमोहक रासलीला की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। पूरे आश्रम परिसर में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। यह महोत्सव प्रतिवर्ष बड़े हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया जाता है, जो लगभग एक सप्ताह तक चलता है और इसमें प्रदेश के विभिन्न जनपदों सहित अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

इस दौरान पूर्व मंत्री डीपी यादव सैकड़ों समर्थकों के साथ आश्रम पहुंचे और हरि बाबा के चरणों में मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। उनके साथ प्रत्याशी विधानसभा क्षेत्र गुन्नौर, युवा नेता गगन यादव भी मौजूद रहे। आश्रम पहुंचने पर श्रद्धालुओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया।

पूर्व मंत्री डीपी यादव ने कहा कि हरि बाबा की महिमा अपरंपार है। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब गंगा के बढ़ते जलस्तर से यह पूरा इलाका तबाही के कगार पर पहुंच गया था। उस कठिन समय में हरि बाबा ने यहां आकर अपने तप और आशीर्वाद से क्षेत्र को नई ऊर्जा प्रदान की। उन्होंने कहा कि आज क्षेत्र के दर्जनों गांव सुरक्षित और खुशहाल हैं तथा यहां के लोग शिक्षा, व्यापार और अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़कर क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं।

वहीं गगन यादव ने कहा कि वह लंबे समय से हरि बाबा के बारे में सुनते आ रहे थे और उनके दर्शन करने की इच्छा थी। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर डीपी यादव के साथ आश्रम पहुंचकर हरि बाबा के दर्शन करने का सौभाग्य मिला। उन्होंने कहा कि वह स्वयं को अत्यंत सौभाग्यशाली और कृतार्थ महसूस कर रहे हैं।गुरु पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार,वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजा रामपाल सिंह सहित भारी पुलिस बल पूरे मेले में तैनात रहा। आश्रम परिसर, पार्किंग स्थल और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े

इस अवसर पर अरुण यादव, संजीव यादव, अनिल प्रधान, ऋषि यादव,पूर्व प्रधान अजयवीर सिंह यादव, खुशीराम प्रधान, लल्ला खा सलमानी वेद, प्रकाश गौतम सहित हजारों श्रद्धालु एवं समर्थक उपस्थित रहे गुरु पूर्णिमा महोत्सव देर शाम तक श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण में चलता रहा।