बुलन्द संदेश ब्यूरो
गाजियाबाद, (आशा चौधरी) कवि नगर
बालाजी एनक्लेव गोविंदपुरम में 10 वर्षीय नाबालिग बच्चे से अश्लील हरकत का मामला सामने आया है। आरोप पड़ोस में रहने वाले विनोद निगम पर लगा है। पीड़ित परिवार ने कवि नगर थाने में लिखित तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।पीड़ित परिवार बालाजी एनक्लेव की गली नंबर 13 में रहता है। परिजनों का आरोप है कि आरोपी भी इसी गली का रहने वाला है और बच्चे को पहले से जानता था। आरोप है कि आरोपी ने कई बार बच्चे को बहाने से अकेले में बुलाया। इस दौरान उसके साथ अश्लील हरकतें कीं और गाली-गलौज भी की। डर की वजह से बच्चा पहले सहम गया और उसने किसी को कुछ नहीं बताया।कुछ दिनों से बच्चे के व्यवहार में बदलाव देखकर परिजन चिंतित हुए। जब परिवार वालों ने प्यार से पूछताछ की तो मासूम ने रोते हुए पूरी बात बताई। बच्चे ने बताया कि आरोपी उसे धमकाता था कि अगर घर पर बताया तो उसे और परिवार को नुकसान पहुंचाएगा।इसके बाद पीड़ित परिवार कवि नगर थाने पहुंचा और आरोपी के खिलाफ लिखित तहरीर सौंपी। तहरीर में पीड़ित परिवार ने आरोपी पर पोक्सो एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
परिवार ने पुलिस से आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।नाबालिगों के खिलाफ अपराध रोकने के लिए केंद्र सरकार ने पोक्सो एक्ट लागू किया है। इसमें दोषी को न्यूनतम 3 साल से लेकर आजीवन कारावास तक की सजा का प्रावधान है। उत्तर प्रदेश सरकार भी ऐसे मामलों में फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए जल्द सुनवाई कराती है।इसके बावजूद कुछ लोग कानून की परवाह किए बिना बच्चों के साथ शोषण कर रहे हैं।घटना की जानकारी मिलते ही बालाजी एनक्लेव और आसपास के इलाके में आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने आरोपी की गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है। लोगों का कहना है कि कॉलोनी में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए ताकि बच्चों को सुरक्षित माहौल मिल सके।
बाल मनोवैज्ञानिकों के अनुसार ऐसे मामलों को रोकने के लिए माता-पिता को बच्चों से दोस्ती रखनी चाहिए। बच्चों को "गुड टच-बैड टच" के बारे में बताना और उन्हें हिम्मत देना जरूरी है। स्कूल और समाज को भी इस विषय पर जागरूकता अभियान चलाने चाहिए।फिलहाल पीड़ित परिवार को पुलिस से न्याय की उम्मीद है।


