-आरोपितों में 10 सरकारी शिक्षक भी शामिल
जहांगीराबाद। कोतवाली क्षेत्र के गांव सांखनी में चार माह पहले पूर्व प्रधान के समर्थकों पर हमला करने के आरोप में कोर्ट ने स्थानीय पुलिस को सभी आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने 19 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इन आरोपितों में 10 सरकारी शिक्षक भी बताए जा रहे हैं। मुकदमा दर्ज होने के बाद गांव में हड़कम्प मच गया है।
बता दें कि गांव में प्रधान पद के चुनाव को लेकर दो पक्षों में चल रहे विवाद को लेकर चार माह पूर्व जमकर विवाद हुआ था। न्यायालय में दिए गए प्रार्थना पत्र में पूर्व ग्राम प्रधान के पुत्र शजर अब्बास ने बताया है कि बीती 18 जनवरी की देर शाम साढ़े 8 बजे जब उसका चचेरा भाई इमरान अपने साथियों के साथ मस्जिद के पास खड़ा होकर बातचीत कर रहा था तभी वहां गांव के ही अदनान अली, रजब अली, हैदर हसन, मौहम्मद हसन, मुशीर अख्तर, कमरूल हसन, मौहम्मद अब्बास, असार, कामरान, नादिर अली, आमिर अब्बास, अली हैदर, मुख्तार हुसैन, अली मुर्तजा, कैसर अब्बास, नबी हैदर, अबु तालिब, जर्रार हैदर, अली हाशिम एकराय होकर मौके पर पहुंच गए और लोहे की रॉड, धारदार हथियार तथा अवैध तमंचों से इमरान व उसके साथियों पर हमला कर दिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलवारों ने आरोपितों ने जान से मारने की नीयत से अवैध तमंचों से फायरिंग भी की। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें चुनाव में पूर्व ग्राम प्रधान का समर्थन करने के कारण चुनाव न जीतने का उलाहना देते हुए धमकी भी दी। इस पूरी घटना के पीछे रजब अली पर षड्यंत्र रचने का आरोप भी पीड़ित ने लगाया है। आरोप है कि इस घटना के बाद तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने न तो पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट दर्ज की और न ही घटना में घायल हुए इमरान व उसके साथियों का मेडिकल कराया। आरोप है कि पुलिस ने उल्टा पीड़ित पक्ष के 14 लोगों के खिलाफ ही रिपोर्ट दर्ज कर तीन लोगों को जेल भेज दिया। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने एसएसपी को भी शिकायती पत्र भेजने का दावा किया है। लेकिन घटना के सम्बंध में पुलिस ने कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
इस मामले में अब न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी सुदेश कुमार ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर 19 आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। जाँच में जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।


