23 अक्टूबर को गन्ना भवन पर होगी पंचायत, नौचंदी एक्सप्रेस में पांच अतिरिक्त कोच लगाने की मांग
किसान दिवस में समस्याओं का समाधान नहीं होने पर भाकियू जिलाध्यक्ष ने जताई नाराजगी, डीएम ने एक सप्ताह में निस्तारण का दिया आश्वासन
बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी
मेरठ। गन्ना मूल्य बढ़ाने समेत किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के नेतृत्व में सैकड़ों किसान बृहस्पतिवार को लखनऊ जाएंगे। 23 अक्टूबर को लखनऊ के डालीबाग स्थित गन्ना संस्थान में किसान पंचायत होगी। इसमें भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व में मेरठ के किसान शामिल होंगे।अनुराग चौधरी ने बताया कि किसान 22 अक्टूबर की शाम सिटी रेलवे स्टेशन से नौचंदी एक्सप्रेस से रवाना होंगे। किसानों की संख्या को देखते हुए रेलवे से ट्रेन में पांच अतिरिक्त कोच लगाने की मांग की गई है। इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक और रेलवे पुलिस बल को मांग पत्र सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त कोच लगने से किसानों के साथ दूसरे यात्रियों को भी परेशानी नहीं होगी।उन्होंने कहा कि खेती की लागत बढ़ने से किसान परेशान हैं। गन्ने का उचित मूल्य नहीं मिलने से किसानों की मुश्किलें और बढ़ रही हैं। पंचायत में गन्ना मूल्य बढ़ाने के साथ किसानों की अन्य समस्याओं को भी उठाया जाएगा।
किसान दिवस में नहीं हुआ समस्याओं का समाधान
विकास भवन में बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह की अध्यक्षता में किसान दिवस आयोजित किया गया। इसमें मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व में किसान भी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
बैठक में पिछले महीने किसानों की ओर से दिए गए शिकायत पत्रों पर चर्चा हुई। करीब 22 समस्याओं का समाधान नहीं होने पर अनुराग चौधरी ने नाराजगी जताई। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को लंबित समस्याओं का दोबारा संज्ञान लेकर एक सप्ताह में समाधान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को समस्याओं का जल्द निस्तारण कराने का आश्वासन भी दिया।
गन्ना घटतौली और डीएपी की उपलब्धता का मुद्दा उठाया
किसान दिवस में किसानों ने नई समस्याओं से जुड़े मांग पत्र भी सौंपे। इनमें गन्ना मूल्य बढ़ाने, गन्ना तौल में घटतौली रोकने, जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत कराने और पानी के नए कनेक्शन देने की मांग शामिल रही।
इसके अलावा खतौनी में अंश निर्धारण की गलतियां ठीक कराने और आगामी सत्र में डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई।
इस दौरान मोनू टिकरी, वीरेंद्र महपा, विनोद, कृष्णपाल, रविंद्र, विनय, डीके, मनोज शर्मा, सत्येंद्र, वीरपाल, हरेंद्र और संदीप सहित अन्य किसान मौजूद रहे।


