बुलन्द संदेश ब्यूरो
मेरठ में मंडल स्तरीय कार्यशाला में होमबायर्स को कानूनी अधिकार, शिकायत प्रक्रिया और रेरा पोर्टल की जानकारी दी गई
संवाददाता: जावेद अब्बासी
मेरठ। घर खरीदने वाले लोगों को सुरक्षित निवेश और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए गुरुवार को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के अटल सभागार में उत्तर प्रदेश रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (यूपी रेरा) की ओर से मंडल स्तरीय संवाद एवं जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में मेरठ मंडल के गृह खरीदारों को रेरा अधिनियम के प्रावधानों, शिकायत निवारण प्रणाली और सुरक्षित निवेश के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यशाला की अध्यक्षता यूपी रेरा के अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की, जबकि जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। संजय भूसरेड्डी ने कहा कि रेरा का उद्देश्य केवल विवादों का निस्तारण करना नहीं, बल्कि घर खरीदने वालों को उनके अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना भी है। उन्होंने लोगों से किसी भी परियोजना में निवेश करने से पहले रेरा पोर्टल पर उसकी पूरी जानकारी जांचने की अपील की।
कार्यक्रम में यूपी रेरा के प्रमुख सलाहकार अबरार अहमद ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बताया कि फ्लैट या मकान खरीदने से पहले परियोजना का रेरा पंजीकरण, भूमि संबंधी दस्तावेज, स्वीकृत नक्शा, निर्माण की प्रगति, बैंक खाता और बिल्डर का रिकॉर्ड अवश्य जांचना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल आकर्षक विज्ञापनों के आधार पर निवेश करने से बचना चाहिए।
विशेषज्ञों ने खरीदारों को सलाह दी कि बुकिंग के बाद सभी दस्तावेज, भुगतान रसीदें, एग्रीमेंट और रेरा पोर्टल की अपडेट सुरक्षित रखें। किसी भी विवाद की स्थिति में यही दस्तावेज उनके अधिकारों की रक्षा का आधार बनते हैं।
कार्यशाला में प्रतिभागियों को बताया गया कि यदि बिल्डर तय समय पर कब्जा नहीं देता, अनुबंध का पालन नहीं करता, भ्रामक विज्ञापन जारी करता है या बिना कारण आवंटन रद्द करता है, तो खरीदार सीधे यूपी रेरा में शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए फॉर्म-एम और फॉर्म-एन की प्रक्रिया भी समझाई गई।
संवाद सत्र में गृह खरीदारों ने परियोजनाओं में देरी, रजिस्ट्री, रिफंड, ब्याज और शिकायत निवारण से जुड़े सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से जवाब दिया।
कार्यक्रम के अंत में मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संजय कुमार मीणा ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी प्रदेश के विभिन्न मंडलों में इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से रियल एस्टेट में निवेश कर सकें।


