cbamazon
उत्तर प्रदेश

हेलीकॉप्टर की बजाय सड़क से हकीकत जाने मुख्यमंत्री, सड़कों में गड्ढों से जनता बेहाल : जियाउर्रहमान

हेलीकॉप्टर की बजाय सड़क से हकीकत जाने मुख्यमंत्री, सड़कों में गड्ढों से जनता बेहाल : जियाउर्रहमान

बुलन्द संदेश /ब्यूरो

जिले में सड़कों की दुर्दशा और भ्रष्टाचार से मुख्यमंत्री को अवगत कराएंगे कांग्रेसी

 

बुलंदशहर । यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शनिवार को होने वाले दौरे पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं और जिले में बदहाल सड़कों की स्थिति, तहसीलों में व्याप्त भ्रष्टाचार और बदहाल कानून की व्यवस्था से अवगत कराने के लिए कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री को मिलकर ज्ञापन देने का ऐलान किया है । कांग्रेस ने सीएम को हवाई दावों के बजाय जमीनी हकीकत जानने का आव्हान किया।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान एडवोकेट ने कांग्रेस कार्यालय पर शुक्रवार को प्रेस वार्ता कर कहा कि सीएम योगी को हेलीकॉप्टर के बजाय सड़क मार्ग से जिले का दौरा करना चाहिए ताकि कथित विकास की हकीकत से रूबरू हुआ जा सके । उन्होंने कहा कि खुर्जा कट से नहर तक, मोतीबाग रोड, शहर के प्रमुख मार्ग, यमुनापुरम, भूड़ कॉलोनी, आवास विकास द्वितीय, खुर्जा से छतारी पहासू मार्ग सहित अधिकांश सड़कों में गड्ढों से जनता का बुरा हाल है। जिले में सात विधायक और दो सांसद होने के बावजूद थाने, तहसीलों में भ्रष्टाचार का बुरा हाल है, आमजन त्राहि त्राहि कर रहा है। जियाउर्रहमान ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में न पर्याप्त बेड हैं और न सुचारू रूप से शुरू हुआ है। जाम से शहर बेहाल रहता है, शहर की प्रमुख कालोनियों और मार्गों का बुरा हाल है। उन्होंने कहा कि बुलंदशहर विकास प्राधिकरण और नगर पालिका द्वारा कराए गए कार्यों की ठीक से जांच हुई तो चेयरमैन अन्य अधिकारियों को जेल जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि शहर और जिले में बिजली न आने की समस्या से जनजीवन प्रभावित हैं, बिजली के बढ़े बिलों ने लोगों को परेशान कर दिया है। जियाउर्रहमान ने कहा कि गांवों की गलियों से लेकर शहर के मोहल्लों तक भाजपा सिर्फ विकास का दिखावा कर रही है लेकिन हकीकत भाजपा के स्वयंभू विकास से कोसों दूर है। उन्होंने कहा कि सीएम योगी को अफसरों और नेताओं की घेराबंदी से बाहर निकलकर अचानक गांवों और मुख्य सड़कों का दौरा करना चाहिए।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान ने कहा कि शनिवार को मुख्यमंत्री से कांग्रेसी जिला कार्यालय पर एकत्रित होकर मिलने जाएंगे और जिले की समस्याओं से अवगत कराएंगें ।

पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेता भजनलाल विमल, सचिन वशिष्ठ, नईम मंसूरी, आशु कुरैशी, सुरेंद्र उपाध्याय, साजिद गाजी आदि मौजूद रहे ।