cbamazon
उत्तर प्रदेश

*हर परिवार Gen-Z को छत्रपति शिवाजी के संस्कार सिखाए- शिवप्रताप शुक्ल, राज्यपाल, तेलंगाना*

*हर परिवार Gen-Z को छत्रपति शिवाजी के संस्कार सिखाए- शिवप्रताप शुक्ल, राज्यपाल, तेलंगाना*

बुलन्द संदेश ब्यूरो

गाजियाबाद(आशा चौधरी) , 

दिव्य प्रेम सेवा मिशन हरिद्वार के तत्वाधान में आगामी अक्टूबर में होने जा रहे ‘जाणता राजा’ कार्यक्रम की तैयारियों हेतु आयोजित कार्यकर्ता संगम और व्याख्यान में पहुंचे तेलंगाना के राज्यपाल शिवप्रताप शुक्ला ने कहा है कि Gen-Z को छत्रपति शिवाजी के संस्कार सिखाना बहुत जरूरी है। ये हर परिवार की जिम्मेदारी है कि अपने नौनिहालों को विदेशी अपसंस्कृति से बचाएं और शिवाजी महाराज, मां जीजाबाई और समर्थ गुरु रामदास के बताए रास्ते पर चलने के लिए प्रेरित करें। गाजियाबाद के हाई टेक इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में आयोजित दिव्य प्रेम सेवा मिशन हरिद्वार के कार्यकर्ता संगम में तेलंगाना के राज्यपाल शिवप्रताप शुक्ला के अलावा उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, पीडब्लूडी विभाग के राज्य मंत्री कुंवर ब्रजेश सिंह, झारखंड के बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे समेत कई गणमान्य हस्तियां शामिल हुईं। 

श्री शिवप्रताप शुक्ला ने शिवाजी महाराज के जीवन से जुड़ी कई प्रेरक घटनाओं का जिक्र किया। इस अवसर पर झारखंड के बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज ने गुरिल्ला युद्ध की जो कला दुनिया को सिखाई, उसका आज भी कई देश सफलतापूर्वक उपयोग कर रहे हैं। दुबे ने मिजोरम जैसे भारत के सीमावर्ती राज्यों में चीन की साजिश से अवगत कराया। दिव्य प्रेम सेवा मिशन हरिद्वार के संस्थापक डॉ. आशीष गौतम ने गाजियाबाद के सनसिटी में 22 से 28 अक्टूबर 2026 तक होने जा रहे महानाट्य जाणता राजा के सजीव मंचन की विधिवत जानकारी दी। डॉ. गौतम ने कहा कि जाणता राजा के जरिए हर भारतीय की अंतर्आत्मा को जगाने का काम मिशन लंबे समय से कर रहा है। दिव्य प्रेम सेवा मिशन लखनऊ और आगरा में जाणता राजा का सफलतापूर्वक आयोजन करवा चुका है। 22 से 28 अक्टूबर तक चलने वाले इस सजीव कार्यक्रम में प्रतिदिन शाम 4.30 बजे से 4 घंटे तक Live शो आयोजित किए जाएंगे। जिसका 250 कलाकार, हाथी, घोड़े, ऊंट, हथियार और तोप तलवारों के साथ सजीव मंचन करेंगे। कार्यक्रम में छत्रपति शिवाजी के जीवन से जुड़ी हर घटना, सिंहगढ़, प्रतापगढ़ से लेकर रायगढ़ किले की प्रतिकृति दर्शकों के मन मस्तिष्क में सकारात्मक ऊर्जा और संस्कार भरेगी, जिसकी आज की पीढ़ी को सख्त जरूरत है।

अक्टूबर में दिव्य प्रेम सेवा मिशन, हरिद्वार के सेवा प्रकल्पों के सहायतार्थ हो रहे इस कार्यक्रम में जूना अखाड़े के प्रमुख महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 अवधेशानंद गिरि जी महाराज, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, पतंजलि योगपीठ के प्रमुख स्वामी रामदेव समेत कई गणमान्य शामिल होंगे। जाणता राजा कार्यक्रम को 8 दिन तक रोज करीब 15 हजार लोग Live देखेंगे। डॉ. आशीष गौतम के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर और यूपी, हरियाणा, उत्तराखंड से करीब सवा लाख लोग इस सजीव कार्यक्रम के गवाह बनेंगे। कार्यक्रम में युवाओं की सहभागिता बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। दिल्ली-एनसीआर की सभी सरकारी और प्राइवेट यूनिवर्सिटी और कॉलेजों में दिव्य प्रेम सेवा मिशन की टीमें संपर्क कर रही है। हाल के कुछ घटनाक्रमों से साफ हो गया है कि युवा छात्र-छात्राओं को शिवाजी महाराज के आदर्शों से जोड़ने की सबसे ज्यादा जरूरत है।

इस अवसर पर दिव्य प्रेम सेवा मिशन, हरिद्वार के कार्यकारी अध्यक्ष संजय चतुर्वेदी ने मिशन के कार्य और विस्तार के बारे में जानकारी दी। कार्यकर्ता संगम में गाजियाबाद-नोएडा के अलावा दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान से आए 650 से ज्यादा सदस्य शामिल हुए। कार्यकर्ता संगम और व्याख्यान में श्री विनय चौधरी, मुरादाबाद के बीजेपी विधायक रामबीर सिंह, डॉ. राजेश गुप्ता, डॉ. नितिन अग्रवाल, प्रज्ञा पाठक, अंजलि पुंडीर और मातृशक्ति से जुड़ी तमाम सदस्य मौजूद रहे । कार्यक्रम का संचालन मयंक गोयल और राघवेंद्र सिंह ने किया।