चन्दौसी। मयंक सक्सेना। जनपद संभल में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना चन्दौसी पुलिस ने हत्या के एक मामले में फरार चल रहे वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार के निर्देशन में की गई।
पुलिस के अनुसार 18 जून 2026 को थाना चन्दौसी क्षेत्र के ग्राम मई में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान ईंट, पत्थर और सिलबट्टे से हमला किया गया था। इस हमले में वादी पक्ष की पत्नी चमन तथा उनकी दोनों पुत्रियां गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उपचार के दौरान चमन की मृत्यु हो गई थी।
घटना के संबंध में वादी मल्लू पुत्र सुलेमान, निवासी ग्राम मई की तहरीर पर 19 जून 2026 को थाना चन्दौसी में मुकदमा संख्या 187/2026 धारा 115(2), 352 एवं 103(1) बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज किया गया था।
इसी प्रकरण में वांछित चल रहे आरोपी रजिया उर्फ रियाज पुत्र अली हसन, निवासी ग्राम मई, थाना चन्दौसी को पुलिस ने रविवार को बरई चौराहे से इस्लामनगर जाने वाले मार्ग पर स्थित पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि इस मामले के अन्य आरोपी जकिया उर्फ जकी मोहम्मद तथा फूलबानो पत्नी जकिया को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संत कुमार, निरीक्षक अपराध रईस अहमद, उपनिरीक्षक योगेश कुमार, कांस्टेबल प्रदीप सैनी एवं कांस्टेबल अंकुर शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर दिया।


