cbamazon
उत्तर प्रदेश

ई-रिक्शा व स्कूली वाहनों के खिलाफ चला अभियान,तीन पर कार्रवाई

ई-रिक्शा व स्कूली वाहनों के खिलाफ चला अभियान,तीन पर कार्रवाई

बुलन्द संदेश/लायबा नूर

सम्भल। जनपद में बच्चों की सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को ई-रिक्शा और स्कूली वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी यातायात स्तुति सिंह के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य वाहनों में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाना और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा।
        इसी क्रम में प्रभारी यातायात जगरोशन सिंह व मुख्य आरक्षी सचिन कुमार द्वारा चौधरी सराय क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। जांच के दौरान तीन ई-रिक्शा ऐसे पाए गए जिनमें निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चे बैठे हुए थे। इस पर तत्काल प्रभाव से तीनों वाहनों के खिलाफ प्रवर्तन की कार्रवाई की गई। साथ ही चालकों को सख्त चेतावनी देते हुए भविष्य में नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए।मुख्य आरक्षी सचिन कुमार ने वाहन चालकों को समझाते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनकी सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने बच्चों को भी जागरूक करते हुए अपील की कि वे वाहन में गलत तरीके से न बैठें और अपनी सुरक्षा का ध्यान रखें।अभियान के दौरान कई ई-रिक्शा से अतिरिक्त लगाए गए पायदान भी हटवाए गए,जिससे दुर्घटना की आशंका कम हो सके।यातायात प्रभारी जगरोशन सिंह ने स्पष्ट चेतावनी दी कि दोबारा नियमों का उल्लंघन करने पर वाहनों को सीज कर दिया जाएगा। वहीं खराब मौसम के बावजूद उन्होंने बहजोई स्थित कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर यातायात व्यवस्था संभालते हुए कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया।उनके प्रयासों से किसान यूनियन के वाहनों का आवागमन सुचारू रहा और किसी प्रकार का जाम नहीं लगने दिया गया।