cbamazon
उत्तर प्रदेश

इच्छावरी में करंट लगने से किसान की मौत, परिजनों ने पड़ोसियों पर लापरवाही का लगाया आरोप,

इच्छावरी में करंट लगने से किसान की मौत, परिजनों ने पड़ोसियों पर लापरवाही का लगाया आरोप,

नंगे बिजली के तार खेत की मेड़ पर पड़े होने का आरोप, भाई की तहरीर पर कार्यवाही की मांग
डिबाई (केपी सिंह चौहान)। थाना क्षेत्र के ग्राम इच्छावरी में बुधवार पूर्वाह्न खेत पर पानी लगाने गए एक किसान की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के भाई ने थाना में तहरीर देकर पड़ोसी खेत स्वामियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सख्त कानूनी कार्यवाही की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम इच्छावरी निवासी विकास पाठक उर्फ बाबू (38) पुत्र स्वर्गीय सत्यदेव पाठक बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे अपने खेत पर सिंचाई करने गए थे। आरोप है कि पड़ोसी खेत से जुड़े ट्यूबवेल के नंगे बिजली के तार खेत की मेड़ के पास पड़े थे, जिनकी चपेट में आने से उन्हें करंट लग गया और वह मौके पर ही गिर पड़े।
मृतक के भाई विवेक पाठक ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि पड़ोसी फुलवती पत्नी आनंद शर्मा, नूतन शर्मा उर्फ नितिन पुत्र रामभूल शर्मा तथा महेंद्र सिंह पुत्र कल्याण सिंह ने अपने ट्यूबवेल के बिजली के नंगे तार खेत की मेड़ के पास डाल रखे थे। उनका कहना है कि इस संबंध में पहले भी कई बार तार हटाने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया गया।

मृतक का फाइनल फोटो -विकास पाठक


तहरीर के अनुसार जब विवेक पाठक अपने भाई के लिए खाना लेकर खेत पहुंचे तो उन्होंने विकास को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। जैसे ही उन्होंने भाई को छूने का प्रयास किया, उन्हें भी करंट का झटका लगा। इसके बाद उन्होंने दौड़कर ट्यूबवेल की बिजली आपूर्ति बंद की और वापस लौटे, तब तक विकास की मृत्यु हो चुकी थी। बाद में उन्हें सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने आरोपितों के विरुद्ध लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्यवाही की मांग की है।
थाना पुलिस का कहना है कि परिजनों से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के आधार पर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी।