cbamazon
उत्तर प्रदेश

जिला अध्यक्ष पर अपमान का आरोप लगाकर कांग्रेस जिला सचिव ने दिया इस्तीफा, संगठन में मची हलचल

जिला अध्यक्ष पर अपमान का आरोप लगाकर कांग्रेस जिला सचिव ने दिया इस्तीफा, संगठन में मची हलचल

बुलंद संदेश ब्यूरो

बुलन्द संदेश/दानिश अली 
 
सम्भल। जनपद सम्भल में कांग्रेस संगठन के भीतर उस समय हलचल मच गई जब कांग्रेस के जिला सचिव मोहम्मद शफी  ने जिला सचिव पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपने इस्तीफे में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष आरिफ तुर्की पर कार्यकर्ताओं को अपमानित करने और उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार न करने का आरोप लगाया है। इस्तीफे के बाद जिले की राजनीतिक गतिविधियों में इस मामले को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
मंगलवार को मोहम्मद शफी  ने अपना इस्तीफा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को भेजा। इस्तीफा पत्र में उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्ष आरिफ तुर्की का कार्यकर्ताओं के प्रति व्यवहार उचित नहीं है। उनका आरोप है कि संगठन में सक्रिय कार्यकर्ताओं को सम्मान देने के बजाय उन्हें अपमानित किया जाता है, जिससे कार्यकर्ताओं का मनोबल प्रभावित हो रहा है। उन्होंने लिखा कि ऐसी परिस्थितियों में जिला सचिव के रूप में कार्य करना उनके लिए संभव नहीं रह गया है, इसलिए वह अपने पद से त्यागपत्र दे रहे हैं।
हालांकि मोहम्मद शफी  ने अपने पत्र में यह भी स्पष्ट किया है कि उनका इस्तीफा केवल जिला सचिव पद से है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी की विचारधारा, वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की नीतियों तथा संगठन के प्रति अपनी आस्था दोहराते हुए कहा कि वह पार्टी के एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में आगे भी जुड़े रहेंगे और कांग्रेस की नीतियों के प्रचार-प्रसार के लिए कार्य करते रहेंगे।
जिला सचिव के इस्तीफे के बाद कांग्रेस संगठन में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि संगठन के भीतर उठे असंतोष को समय रहते दूर नहीं किया गया तो इसका असर पार्टी की संगठनात्मक मजबूती पर पड़ सकता है। वहीं पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच भी इस घटनाक्रम को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
फिलहाल इस मामले में जिला अध्यक्ष आरिफ तुर्की की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब प्रदेश नेतृत्व इस पूरे प्रकरण को किस तरह से देखता है और संगठनात्मक स्तर पर क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी प्रदेश नेतृत्व के निर्णय का इंतजार है।