cbamazon
उत्तर प्रदेश

जमीअत यूथ क्लब का हरित अभियान जारी, 500 पौधे लगाने का लिया संकल्प

जमीअत यूथ क्लब का हरित अभियान जारी, 500 पौधे लगाने का लिया संकल्प

 

 बुलन्द संदेश  ब्यूरो


गढ़मुक्तेश्वर (गुफरान अली)।
जमीअत उलेमा-ए-हिंद के तत्वावधान में हज़रत मौलाना महमूद असद मदनी (राष्ट्रीय अध्यक्ष, जमीअत उलेमा-ए-हिंद) की अपील पर जमीअत यूथ क्लब, जिला हापुड़ द्वारा चलाए जा रहे 500 पौधे लगाने के अभियान के तहत तहसील गढ़मुक्तेश्वर एवं तहसील धौलाना के विभिन्न गांवों में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
अभियान के अंतर्गत मस्जिदों, मदरसों, कब्रिस्तानों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर छायादार एवं पर्यावरण के अनुकूल पौधे लगाए गए। 
इसी क्रम में ग्राम कमालपुर स्थित मदरसा कासिम-उल-उलूम परिसर में भी पौधरोपण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मदरसे के प्रत्येक छात्र को एक-एक पौधा इस जिम्मेदारी के साथ सौंपा गया कि वह उसे अपने घर अथवा आसपास लगाकर उसकी नियमित देखभाल करेगा और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखेगा। इस पहल का उद्देश्य बच्चों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता, जिम्मेदारी और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना है।
ग्रामीणों एवं क्षेत्र के जिम्मेदार लोगों ने जमीअत उलेमा-ए-हिंद और जमीअत यूथ क्लब द्वारा संचालित इस पर्यावरण संरक्षण अभियान की सराहना करते हुए भविष्य में भी हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
जमीअत उलेमा, जिला हापुड़ के अध्यक्ष मुफ्ती फराहीम, जनरल सेक्रेटरी मौलाना अलाउद्दीन, हाफिज़ जाहिद, मास्टर खालिद तथा जमीअत यूथ क्लब के मास्टर साकिब शहबाज अभियान की लगातार निगरानी कर रहे हैं। उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग से वृक्षारोपण अभियान सफलतापूर्वक आगे बढ़ रहा है।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में मुफ्ती फराहीम, मास्टर शाहवेज, मौलाना एहतेशाम, मौलाना आबिद, कारी राशिद, मुफ्ती नदीम सहित मदरसे के शिक्षक, छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में जमीअत यूथ क्लब के पदाधिकारियों ने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ, हरित और संतुलित पर्यावरण ही आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी है।