जनगणना-2027 की तैयारियां शुरू, डीएम अंकित खण्डेलवाल ने प्रशिक्षण का किया शुभारंभ
रिपोर्ट - शाहवेज़ खान
संभल/चन्दौसी, 7 अक्टूबर। भारत की जनगणना-2027 के दूसरे चरण में होने वाली जनसंख्या गणना की तैयारियां शुरू हो गई हैं। बुधवार को चन्दौसी के बहजोई रोड स्थित श्रीकृष्ण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड साइंस में फील्ड ट्रेनर्स के पहले बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ।
प्रशिक्षण का शुभारंभ जिलाधिकारी एवं प्रधान जनगणना अधिकारी अंकित खण्डेलवाल ने किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी सत्यप्रिय सिंह और एसडीएम चन्दौसी आशुतोष तिवारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश के विकास से जुड़ी योजनाएं बनाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इसलिए जनगणना में सही और भरोसेमंद जानकारी दर्ज होना जरूरी है। उन्होंने फील्ड ट्रेनर्स से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और आगे प्रगणकों व सुपरवाइजरों को भी पूरी जानकारी सही तरीके से देने को कहा।
उन्होंने बताया कि फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण 7 से 9 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। प्रशिक्षण में जनसंख्या गणना की प्रक्रिया, प्रपत्र भरने, जरूरी नियमों और गणना के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी जा रही है।
मास्टर ट्रेनर बंटी दिवाकर और रोहित कुमार तथा जिला प्रभारी जनगणना-2027 अनिल कुमार मौर्य ने फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षण दिया। अधिकारियों ने बताया कि जनपद में जनगणना कार्य को तय समय और निर्धारित मानकों के अनुसार पूरा कराने के लिए तैयारियां लगातार की जा रही हैं।


