अमरोहा(डा.महताब अमरोहवी)
डॉ. नितिन गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव ने कांवड़ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बिजनौर-अमरोहा रोड पर याहियापुर, मखदूमपुर होते हुए बीलना बॉर्डर तक, तहसील धनौरा में बिजनौर बॉर्डर तक तथा गजरौला स्थित कुमराला पुलिस चौकी सहित विभिन्न कांवड़ मार्गों का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों, पेयजल, यातायात प्रबंधन एवं रूट डायवर्जन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि यात्रा मार्गों पर स्वच्छता, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण कर ली जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ ने निर्देश दिए कि जिन व्यवस्थाओं का कार्य अभी शेष है, उन्हें शीघ्र ही पूर्ण कराया जाए। उन्होंने प्रकाश व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ करने तथा संबंधित विभागों को नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। यात्रा मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, सीसीटीवी कैमरों से सतत मॉनिटरिंग तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक ड्यूटी प्वाइंट पर पुलिस बल पूरी सतर्कता के साथ तैनात रहे।इस अवसर पर उप जिलाधिकारी नौगांवा सादात शशिभूषण पाठक,उप जिलाधिकारी धनौरा शैलेश कुमार दुबे, पुलिस क्षेत्राधिकारी अंजलि कटारिया सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


