बुलन्द संदेश/शाहवेज खान
सम्भल। जनपद सम्भल में दिनांक रविवार को राया बुजुर्ग स्थित कांग्रेस कार्यालय में हज पर जाने वाले हाजियों के लिए विशेष ट्रेनिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में हज यात्रा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं ताकि हाजी लोग अपनी यात्रा को सही तरीके से और आसानी से पूरा कर सकें।
कार्यक्रम में बतौर ट्रेनर कारी मोहम्मद अली ने हज के अरकान, मक्का और मदीना में किए जाने वाले जरूरी अमल, एहराम, तवाफ, सई सहित पूरी प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने हाजियों को बताया कि हज एक पाक और जिम्मेदारी भरी इबादत है, इसलिए हर यात्री को इसके नियमों और तरीकों को अच्छे से समझकर जाना चाहिए।
इस मौके पर असमोली विधानसभा 32 से पूर्व कांग्रेस विधायक प्रत्याशी और एआईसीसी सदस्य हाजी मरगूब आलम की ओर से हज पर जाने वाले हाजियों का सम्मान किया गया। उनकी तरफ से सभी हाजियों को दवाई किट, बैग और जरूरी सामान भेंट किए गए, जिससे हाजियों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
हाजी मरगूब आलम ने कहा कि हज पर जाने वाले लोग पूरे इलाके और देश की दुआओं के साथ जाते हैं। उन्होंने सभी हाजियों की सफल, सुरक्षित और कबूल हज की दुआ की और कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य हाजियों की मदद करना और उन्हें यात्रा के लिए तैयार करना है।
कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने भी हाजियों को शुभकामनाएं दीं और उनकी कामयाब यात्रा के लिए दुआ की। अंत में सामूहिक दुआ के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य लोग, हाजीगण और उनके परिजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
शाहवेज खान
8923408525


