धांधली के सबूत मिटाने के लिए रसीदें और रैपर फूंके
ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस के पहुंचने से पहले साक्ष्य किए नष्ट,
बुलंद संदेश ब्यूरो
लखनऊ।काकोरी थाना क्षेत्र के कौड़िया खेड़ा गांव मोड़ के पास अवैध रूप से संचालित एक गोदाम में सीमेंट की रिपैकिंग का बड़ा खेल पकड़ा गया है। आरोप है कि यहां नामचीन कंपनियों के नाम पर घटिया सीमेंट की बोरी बदलकर उन्हें बाजार में खपाया जा रहा था। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस को मौके पर अल्ट्राटेक सीमेंट की बड़ी खेप मिली है। कार्रवाई के डर से गोदाम मालिक के भाई ने साक्ष्यों को नष्ट करने के लिए बड़ी मात्रा में बोरियों के रैपर और दस्तावेज जला दिए।

क्षेत्रीय लोगों के अनुसार कौड़िया खेड़ा मोड़ के पास स्थित एक गोदाम में लंबे समय से अवैध तरीके से सीमेंट की रिपैकिंग का काम चल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी सदर,सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) काकोरी और स्थानीय पुलिस को इस अवैध गतिविधि की सूचना दी।शिकायत में बताया गया कि यहां विभिन्न कंपनियों की सीमेंट की बोरियों को बदल-बदल कर बाजार में बेचा जा रहा है,जिससे उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान के साथ निर्माण की गुणवत्ता से भी समझौता करना पड़ रहा है।पुलिस की टीम जैसे ही गोदाम पर पहुंची, वहां हड़कंप मच गया।पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही गोदाम मालिक सतीश चौरसिया निवासी डिप्टीखेड़ा के भाई ने मौके पर मौजूद तमाम बोरियों के रैपर, रसीदें और अन्य कागजात को आग के हवाले कर दिया,ताकि अवैध कारोबार के सबूत मिटाए जा सकें।हालांकि पुलिस ने गोदाम और वहां खड़े एक ट्रक में भारी मात्रा में अल्ट्राटेक सीमेंट की बोरियां बरामद की हैं।इस संबंध में काकोरी के प्रभारी निरीक्षक सतीश राठौर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच कर मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों और संबंधित विभाग सप्लाई विभाग/विधिक माप विज्ञान विभाग को दे दी गई है।उन्होंने कहा कि प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है।यदि गोदाम अवैध रूप से संचालित पाया जाता है और रिपैकिंग में गड़बड़ी की पुष्टि होती है,तो संबंधितों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी।


