बुलंद संदेश ब्यूरो
हिंदू संगठनों ने पुलिस पर उठाए सवाल, बोले- कार्रवाई नहीं, इसलिए बेखौफ हैं गौकश: जल्द खुलासे की मांग
सरधना।थाना क्षेत्र के कैली-कपसाढ़ गांव के जंगल में रविवार सुबह गोवंश के अवशेष मिलने से क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। लोगों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आती रही हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई न होने के कारण ऐसे मामलों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। उनका कहना है कि यदि पहले की घटनाओं का समय पर खुलासा कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाती, तो दोबारा ऐसी घटनाएं नहीं होतीं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोवंश के अवशेषों को कब्जे में लेकर नियमानुसार गड्ढा खुदवाकर मिट्टी में दबवा दिया। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू कर दी। संदिग्ध लोगों की पहचान के लिए पुलिस स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने में लगी है।
हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने पुलिस से जल्द से जल्द घटना का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। उनका कहना है कि यदि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के क्षेत्र में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


