जांच में सामने आई शिक्षकों की गंभीर लापरवाही, विभागीय कार्रवाई शुरू
संवाददाता जावेद अब्बासी
मेरठ। सरूरपुर विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय बहादुरपुर नंबर-1 में छात्र के कक्षा में बंद रह जाने के मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच में लापरवाही पाए जाने पर प्रधानाध्यापक राजीव कुमार और सहायक अध्यापक उमेश कुमार को निलंबित कर दिया गया है।
जांच में सामने आया कि विद्यालय की छुट्टी से पहले ही शिक्षक स्कूल छोड़कर चले गए थे। विद्यार्थियों से ही कक्षाओं में ताला लगवाया गया और एक छात्र कक्षा के अंदर ही बंद रह गया। साथ ही विद्यालय बंद करने से पहले कक्षाओं का भौतिक सत्यापन भी नहीं किया गया, जो गंभीर लापरवाही मानी गई।
प्रकरण को प्रशासनिक और सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर मानते हुए दोनों शिक्षकों के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं, संबंधित अन्य सहायक अध्यापिकाओं के सेवा अभिलेख में वर्ष 2026-27 के लिए परिनिंदा प्रविष्टि दर्ज करने और भविष्य के लिए कड़ी चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।


