cbamazon
उत्तर प्रदेश

कैप विवाद में नाबालिगों पर हमला घायल बच्चों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

कैप विवाद में नाबालिगों पर हमला घायल बच्चों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

कैप विवाद में नाबालिगों पर हमला
घायल बच्चों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

बुलंद संदेश ब्यूरो 

अलीगढ़। थाना रोरावर क्षेत्र में बुधवार देर रात कैप छीनने के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि 10 से 12 युवकों ने दो नाबालिगों पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस घटना में 10 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि 15 वर्षीय किशोर को भी चोटें आईं।
   घायल दोनों नाबालिगों को उपचार के लिए मलखान सिंह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 10 वर्षीय बालक के हाथ पर गंभीर चोट लगी है, जिससे उसकी नस कट गई। वहीं, 15 वर्षीय किशोर के सिर और कमर में चोटें आई हैं।
   परिजनों के अनुसार, विवाद की शुरुआत एक बच्चे की कैप छीनने से हुई थी। जब बच्चे ने अपनी कैप वापस मांगी, तो कहासुनी बढ़ गई। देखते ही देखते 10 से 12 युवक मौके पर जमा हो गए और मारपीट शुरू कर दी। घायल पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए चाकू और कैंची जैसे धारदार हथियारों से हमला किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों की संख्या 10 से 12 थी। घायल किशोर की पहचान हसन के रूप में हुई है, जो कोचिंग से घर लौट रहा था। उसने रास्ते में मोहल्ले के एक छोटे बच्चे को कुछ युवकों द्वारा पीटते देखा। जब हसन ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, तो हमलावरों ने उस पर भी हमला कर दिया।
   परिजनों ने बताया कि उनकी किसी से कोई पुरानी रंजिश नहीं थी और यह पूरा विवाद केवल कैप छीनने की घटना से जुड़ा था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हमला करने वाले अधिकांश युवक 17 से 19 वर्ष की आयु के हैं। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूचना मिलने पर परिजन घायलों को लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस अब वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई करने में जुटी है।