cbamazon
उत्तर प्रदेश

कारगिल विजय दिवस पर सरस्वती बाल मंदिर में एनसीसी कैडेट्स ने किया पौधरोपण

कारगिल विजय दिवस पर सरस्वती बाल मंदिर में एनसीसी कैडेट्स ने किया पौधरोपण

बुलन्द संदेश ब्यूरो

स्थान: रबूपुरा

कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर आज सरस्वती बाल मंदिर इंटर कॉलेज, रबूपुरा में एनसीसी कैडेट्स द्वारा एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 'शहीदों के नाम एक पौधा' अभियान के अंतर्गत कैडेट्स ने परिसर में पौधरोपण कर कारगिल युद्ध के अमर बलिदानियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

यह कार्यक्रम विद्यालय के प्रधानाचार्य पवन कुमार शर्मा एवं सेकंड ऑफिसर घासीराम के कुशल मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य पवन कुमार शर्मा ने कैडेट्स और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए देश की रक्षा में प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों के अदम्य साहस और बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण के माध्यम से हम न केवल पर्यावरण का संरक्षण कर रहे हैं, बल्कि इन पौधों के रूप में अपने देश के वीर शहीदों की स्मृतियों को सदैव जीवंत रख रहे हैं।

सेकंड ऑफिसर घासीराम ने एन सी सी कैडेट्स के अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के जज्बे की सराहना की। पौधरोपण अभियान में NCC कैडेट्स ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और लगाए गए पौधों की देखभाल एवं संरक्षण की जिम्मेदारी भी ली।

इस दौरान विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं कैडेट्स उपस्थित रहे तथा पूरा माहौल भारत माता की जय और देश भक्ति के जयकारों से गुंजायमान रहा।