पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में लगी गोली, दो कैंटर और अवैध तमंचे बरामद
बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी
मेरठ। जानी थाना पुलिस ने कैंटर और उसमें लदे करीब 10 टन सरिये की लूट का खुलासा करते हुए मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सरिया, दो आईसर कैंटर, दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। वहीं, घटना में शामिल दो अन्य आरोपी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।
नहर पुल के पास चालक से मारपीट कर लूटा था कैंटर
पुलिस के मुताबिक, 19 अक्तूबर को जानी नहर पुल के पास बदमाशों ने तमंचे के बल पर कैंटर चालक विकास कुमार निवासी अरवल, बिहार के साथ मारपीट की थी। इसके बाद बदमाश कैंटर और उसमें लदा करीब 10 टन सरिया लूटकर फरार हो गए थे। वाहन स्वामी रंजीत कुमार निवासी दक्षिण दिल्ली की तहरीर पर 20 अक्तूबर को जानी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई थीं।
पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में एक घायल
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को थाना प्रभारी गौरव कुमार बिश्नोई को सूचना मिली कि लूट में शामिल आरोपी शिवाल पुल से मोहिउद्दीनपुर जाने वाले रास्ते पर लूटे गए सरिये को वाहन में लोड कर रहे हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों की घेराबंदी की तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में अमनीत उर्फ धर्म सिंह निवासी कुराली, थाना जानी के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया।
मौके से पुलिस ने रमन जाटव निवासी रामपुर पावटी और रोहित कश्यप निवासी तिमकिया को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, घटना में शामिल दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।
दो तमंचे और दो कैंटर बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सरिया, दो आईसर कैंटर, दो अवैध तमंचे .315 बोर, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।


