शिव भक्तों से किया सीधा संवाद, बोले—श्रद्धालुओं की सुविधा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
बुलन्द संदेश ब्यूरो
स्याना (वसीम खान) कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए अपर आयुक्त मेरठ मंडल अम्बरीश कुमार बिंद, पीसीएस ने शनिवार को स्याना तहसील क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। अपर आयुक्त के अचानक निरीक्षण से संबंधित अधिकारियों में भी हलचल मच गई। अपर आयुक्त ने स्याना क्षेत्र में संचालित विभिन्न कांवड़ शिविरों का दौरा कर व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी। उन्होंने शिविरों में पेयजल, शौचालय, बिजली, प्रकाश, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। कांवड़ियों से लिया सुविधाओं का फीडबैक निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त ने शिविरों में मौजूद कांवड़ियों और शिव भक्तों से सीधे बातचीत कर यात्रा के दौरान मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने श्रद्धालुओं से उनकी समस्याएं और सुझाव भी जाने तथा भरोसा दिलाया कि किसी भी परेशानी का तत्काल समाधान कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को कांवड़ मार्ग पर 24 घंटे बिजली, बेहतर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही शिविरों में चिकित्सा एवं पेयजल की व्यवस्था लगातार दुरुस्त रखने को कहा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए कड़े निर्देश अपर आयुक्त ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान शिव भक्तों की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान तहसील प्रशासन, पुलिस विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। स्याना क्षेत्र से प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में कांवड़िए गुजरते हैं। श्रद्धालुओं की सुगम और सुरक्षित यात्रा के लिए प्रशासन द्वारा लगातार व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग की जा रही है।


