बुलन्द संदेश ब्यूरो
कांठ, मुरादाबाद (सुदेश बिश्नोई)lश्रावण मास में कांवड़ यात्रा को देखते हुए मुरादाबाद-छजलैट-कांठ-धामपुर मार्ग पर भारी, मध्यम और हल्के वाहनों के लिए विस्तृत डायवर्जन व्यवस्था लागू की गई है। इस मार्ग पर कांवड़ियों की संख्या के अनुसार वाहनों को अलग-अलग वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा।
एसपी ट्रैफिक सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि निर्धारित व्यवस्था के अनुसार मुरादाबाद से बिजनौर, हरिद्वार और मुजफ्फरनगर की ओर जाने वाले भारी वाहन काशीपुर तिराहा से ठाकुरद्वारा, जसपुर, अफजलगढ़, धामपुर, बिजनौर होते हुए भेजे जाएंगे। इसी मार्ग से वापसी भी कराई जाएगी।मुरादाबाद से बिजनौर जाने वाले हल्के वाहन टीएमयू से शेरूआ चौराहा, छजलैट और नूरपुर होकर भेजे जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर इन्हें काशीपुर तिराहा से ठाकुरद्वारा, जसपुर, अफजलगढ़, शेरकोट, धामपुर, नहटौर और झालू होकर भी डायवर्ट किया जा सकेगा।बिजनौर रोड से बरेली और रामपुर जाने वाले हल्के वाहन कोठीवाल डेंटल कॉलेज कट से धारक नंगला, भोजपुर और काशीपुर तिराहा के रास्ते भेजे जाएंगे। वहीं बिजनौर की ओर से आने वाले हल्के वाहनों को अगवानपुर बाईपास और टीएमयू की ओर से हाईवे पर निकाला जा सकता है।शुक्रवार की शाम चार बजे से सोमवार शाम चार बजे तक भारी वाहनों का आवागमन रहेगा प्रतिबंधित
भारी व्यावसायिक वाहनों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। उमरी पर सभी भारी वाहनों को रोका जाएगा और उन्हें रात 12 बजे से 4 बजे तक ही निकाला जाएगा। यह व्यवस्था 30 जुलाई से 6 अगस्त तक रहेगी, जबकि 6 अगस्त की शाम 6 बजे से 11 अगस्त तक इस मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
मुरादाबाद से छजलैट, कांठ और धामपुर की ओर भारी वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। हल्के वाहन कांवड़ियों की भीड़ के आधार पर चांदपुर की ओर डायवर्ट किए जाएंगे। मुरादाबाद से बिजनौर और हरिद्वार जाने वाली रोडवेज बसें अस्थायी बस स्टैंड, प्रेम वंडरलैंड फ्लाईओवर के नीचे से काशीपुर तिराहा, ठाकुरद्वारा, जसपुर, अफजलगढ़, धामपुर होते हुए अपने गंतव्य तक जाएंगी।


