cbamazon
उत्तर प्रदेश

कांवड़ यात्रा को लेकर नखासा पुलिस अलर्ट! प्रभारी संजय शर्मा ने कांवड़ मार्गों पर ताबड़तोड़ किया निरीक्षण

 

बुलन्द संदेश/लाएबा नूर
  
सम्भल महाशिवरात्रि के महापर्व को लेकर सम्भल पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मुंड पर है। शिव भक्तों की सुरक्षा और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया है। संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई और डीएम अंकित खंडेलवाल लगातार अधीनस्थ
अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
शिव भक्तों की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की चूक न हो, इसके लिए पुलिस अधिकारी लगातार कांवड़ यात्रा मार्गों का निरीक्षण कर रहे हैं। थाना नखासा प्रभारी संजय शर्मा भी लगातार कांवड़ यात्रा मार्गों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते नजर आ रहे हैं। पुलिस की ओर से यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।
संभल-गजरौला मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है, ताकि कांवड़ लेकर आने-जाने वाले शिव भक्तों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। बड़े वाहनों को भुलेश्वर चौकी बाईपास के रास्ते रवाना किया जा रहा है। पुलिस का मानना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान भारी वाहनों की आवाजाही से जाम और सुरक्षा संबंधी परेशानी पैदा हो सकती है।
संभल में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 12 हजार से अधिक CCTV कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है। वहीं 2 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। कांवड़ यात्रा मार्गों पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा रहेगा।
इसके साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए 18 डायल-112 वाहन भी तैनात किए गए हैं। फायर ब्रिगेड और अन्य पुलिस बल को भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है।महाशिवरात्रि के महापर्व पर शिव भक्तों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो, इसके लिए संभल पुलिस प्रशासन लगातार मुस्तैद है।