बुलन्द संदेश ब्यूरो
कांवड़ मार्ग पर एआई कैमरों से होगी निगरानी, अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी नजर
शिविरों में सुरक्षा मानकों का होगा कड़ाई से पालन, ढाबों व होटलों पर मूल्य सूची अनिवार्य
संवाददाता जावेद अब्बासी
मेरठ।कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर सोमवार को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में अधिकारियों की रिहर्सल ब्रीफिंग हुई। जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह और एसएसपी अविनाश पांडे ने सभी सुपर जोनल, जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा जिले का बड़ा धार्मिक आयोजन है, इसलिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय और बेहतर संवाद के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने मीट और शराब की दुकानों पर लागू प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए। साथ ही वन और कृषि विभाग को कांवड़ मार्ग पर सर्पदंश से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाने को कहा।डीएम ने निर्देश दिए कि सभी कांवड़ शिविरों में सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन हो। शिविरों के सामने डीजे न लगाए जाएं और खाद्य सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए।

कांवड़ मार्ग पर होटल, ढाबे और रेहड़ी संचालकों को अपनी मूल्य सूची प्रदर्शित करने के भी निर्देश दिए गए।एसएसपी अविनाश पांडे ने कहा कि यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सबसे अहम रहेगी। इसके लिए कांवड़ मार्गों पर एआई आधारित कैमरे लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि डीजे की ऊंचाई तय मानकों के अनुसार रहे, कांवड़िए गलत दिशा में न चलें और वाहनों की गति नियंत्रित रखी जाए।उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, किसी भी घटना पर तुरंत कार्रवाई करने तथा सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए, ताकि अफवाहों पर समय रहते रोक लगाई जा सके। इस दौरान पुलिस अधीक्षक (नगर) गोपाल विनायक गोखले,पुलिस अधीक्षक देहात अभिजीत कुमार,पुलिस अधीक्षक यातायात राजेश कुमार श्रीवास्तव,अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सत्य प्रकाश सिंह, अपर जिलाधिकारी (नगर) बृजेश सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कुंवर वीरेन्द्र मौर्य, अपर जिलाधिकारी (भूमि अध्याप्ति)नवीन चन्द्र, अपर नगर आयुक्त लवी त्रिपाठी सहित समस्त सुपर जोनल, जोनल, सैक्टर मजिस्ट्रेट, विभागीय नोडल अधिकारी, संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहें।


