बुलन्द संदेश /ब्यूरो
बुलन्द संदेश/लायबा नूर
सम्भल। आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल,शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जनपद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार बहजोई में जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल एवं पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार की अध्यक्षता में पीस कमेटी,धर्मगुरुओं और डीजे संचालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सभी से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें। साथ ही निर्धारित मार्ग और समय का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए।अधिकारियों ने डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए।उन्होंने कहा कि सभी लोग निर्धारित मानकों का पालन करें,ताकि किसी प्रकार की असुविधा या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। इसके अलावा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया।पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे और पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।बैठक में उपस्थित धर्मगुरुओं,पीस कमेटी के सदस्यों और अन्य गणमान्य लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा को शांति,सुरक्षा और सौहार्द के साथ संपन्न कराना सभी की जिम्मेदारी है।इस दौरान पुलिस और प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक भी मौजूद रहे।


