cbamazon
उत्तर प्रदेश

कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर औघड़नाथ मंदिर पहुंचे डीएम-एसएसपी, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर औघड़नाथ मंदिर पहुंचे डीएम-एसएसपी, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

 

बुलन्द संदेश ब्यूरो

मंदिर समिति के साथ बैठक कर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और सुविधाओं की समीक्षा; अधिकारियों को दिए समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश

 

संवाददाता: जावेद अब्बासी

 

मेरठ। आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे ने बाबा औघड़नाथ मंदिर पहुंचकर मंदिर समिति के सदस्यों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में कांवड़ यात्रा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, साफ-सफाई, पेयजल, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरे, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं और अन्य आवश्यक इंतजामों पर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से कहा कि सभी कार्य तय समय सीमा में पूरे किए जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था का बड़ा पर्व है। इसे शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी रखें।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने, पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या अव्यवस्था से सख्ती से निपटा जाएगा।

बैठक में मंदिर समिति के सदस्यों ने भी अपनी आवश्यकताओं और सुझावों से प्रशासन को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन सुझावों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में नगर आयुक्त सौरव गंगवार, एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव, एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले, अपर जिलाधिकारी (नगर) बृजेश सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं मंदिर समिति के सदस्य मौजूद रहे।