बुलन्द संदेश /ब्यूरो
जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को दिए जिम्मेदारी से ड्यूटी निभाने के निर्देश, तैयारियों का मौके पर सत्यापन कर तुरंत रिपोर्ट देने को कहा।
संवाददाता: जावेद अब्बासी
मेरठ। आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह और एसएसपी अविनाश पांडे ने जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों, पुलिस अधिकारियों और अन्य विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में कांवड़ यात्रा से जुड़ी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और निर्विघ्न संपन्न कराना सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण करें, कांवड़ मार्ग, मंदिरों और शिविरों की व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन करें तथा जहां भी कोई कमी मिले, उसे संबंधित विभाग से समन्वय कर तत्काल पूरा कराएं।
उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर तैनात प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित समय से कम से कम आधा घंटा पहले अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचे और तब तक स्थान न छोड़े, जब तक उनका प्रतिस्थानी कार्यभार ग्रहण न कर ले। सभी अधिकारियों के पास अपने क्षेत्र के थाना प्रभारी, स्वास्थ्यकर्मी, गोताखोर, बिजली विभाग, सफाई कर्मचारियों, शिविर संचालकों और अन्य संबंधित लोगों की मोबाइल नंबर सहित पूरी सूची उपलब्ध रहनी चाहिए।
बैठक में कांवड़ मार्ग पर साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, बैरिकेडिंग, सड़क मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था, जल निकासी, महिला कांवड़ियों की सुरक्षा, बाइक एंबुलेंस, मोबाइल लाइट वैन, होटलों पर रेट लिस्ट, भोजन की गुणवत्ता, विद्युत खंभों को पॉलिथीन और ट्रांसफार्मरों को जाली से ढकने जैसी व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी अविनाश पांडे ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था का बड़ा पर्व है और इसकी सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सोशल मीडिया और अफवाहों पर विशेष निगरानी रखें तथा किसी भी भ्रामक सूचना पर तत्काल कार्रवाई करें। साथ ही रूट डायवर्जन, संचार व्यवस्था और पिछले वर्षों की चुनौतियों का अध्ययन कर उसी के अनुरूप सुरक्षा योजना लागू की जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, अपर जिलाधिकारी प्रशासन सत्य प्रकाश सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर बृजेश सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त कुंवर वीरेंद्र मौर्य, एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव, नगर मजिस्ट्रेट नवीन कुमार श्रीवास्तव, सभी एसडीएम, अपर नगर आयुक्त लवी त्रिपाठी सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


