बुलन्द संदेश /ब्यूरो
सुरक्षा से लेकर साफ-सफाई तक हर व्यवस्था का लिया जायजा, अधिकारियों को समय सीमा में कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश
संवाददाता: जावेद अब्बासी
मेरठ। आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह और एसएसपी अविनाश पांडे सोमवार को पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए। दोनों अधिकारियों ने गंगनहर पटरी कांवड़ मार्ग का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों की हकीकत परखी और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सलावा पुल, अटेरना पुल, दौराला पुल, नानू पुल, भलसौना पुल, पूठखास पुल, भोला की झाल, जानी पुल, सिवालखास पुल से बाबा भूरेशाह दरगाह तक पूरे कांवड़ मार्ग का बारीकी से निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, सड़क मरम्मत, पेयजल, मोबाइल शौचालय, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी, साइनेज, झाड़ियों की कटाई, गोताखोर एवं मोटरबोट की व्यवस्था, विद्युत पोल और ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरे, रूट डायवर्जन तथा संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं हर हाल में पूरी कर ली जाएं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करें, कार्यों की नियमित निगरानी करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
एसएसपी अविनाश पांडे ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, प्रभावी पुलिस व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रसाद, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सत्य प्रकाश सिंह, एसडीएम सरधना उदित नारायण सेंगर, जिला पंचायत राज अधिकारी वीरेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


