cbamazon
उत्तर प्रदेश

कांवड़ यात्रा से पहले कपसाढ़ के जंगल में मिले गोवंश के अवशेष, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

कांवड़ यात्रा से पहले कपसाढ़ के जंगल में मिले गोवंश के अवशेष, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

बुलन्द संदेश ब्यूरो

हिंदू संगठनों ने पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल, बोले- सख्त कार्रवाई होती तो नहीं दोहराई जाती घटनाएं; जल्द खुलासे की मांग

 

संवाददाता जावेद अब्बासी 

 

 

सरधना। कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले थाना क्षेत्र के कपसाढ़ गांव के जंगल में रविवार सुबह गोवंश के अवशेष मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला और उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी गौकशी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण गौकशों के हौसले बुलंद हैं। लोगों का आरोप है कि यदि पहले के मामलों का खुलासा कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की गई होती, तो आज फिर ऐसी घटना सामने नहीं आती।

मौके पर पहुंची पुलिस ने गोवंश के अवशेषों को कब्जे में लेकर नियमानुसार गड्ढा खुदवाकर दबवा दिया। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू कर दी। संदिग्ध लोगों की तलाश के साथ स्थानीय स्तर पर भी जानकारी जुटाई जा रही है।

हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो आंदोलन किया जाएगा। उनका कहना है कि कांवड़ यात्रा जैसे संवेदनशील समय में इस तरह की घटनाएं माहौल बिगाड़ने की साजिश भी हो सकती हैं, इसलिए पुलिस को गंभीरता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए।

थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि गोवंश के अवशेष मिलने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।