बुलन्द संदेश ब्यूरो
12 अगस्त तक मुख्यालय छोड़ने पर रोक, स्वास्थ्य सेवाएं और एंबुलेंस 24 घंटे रहेंगी अलर्ट
संवाददाता जावेद अब्बासी
मेरठ। कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। गुरुवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए डीएम ने 12 अगस्त तक जिले के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि केवल विशेष परिस्थितियों में ही राजपत्रित अधिकारी मुख्य विकास अधिकारी के माध्यम से अनुमति लेकर मुख्यालय छोड़ सकेंगे, जबकि अन्य कर्मचारी अपने विभागाध्यक्ष की अनुमति के बाद जिलाधिकारी कार्यालय को सूचना देंगे।
डीएम ने कांवड़ यात्रा के दौरान सभी एंबुलेंस पूरी तरह संचालित रखने, चिकित्सा शिविरों, सीएचसी और पीएचसी पर पर्याप्त डॉक्टर व स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्गों पर अस्पतालों, चिकित्सा शिविरों और एंबुलेंस की जानकारी वाले सूचना बोर्ड लगाए जाएं, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को तुरंत उपचार मिल सके।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी और स्वास्थ्यकर्मी 24 घंटे अलर्ट रहें तथा सौंपे गए दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ पालन करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अशोक कटारिया, जिला क्षय रोग अधिकारी, एसीएमओ, एमओआईसी, सीडीपीओ समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


