बुलन्द संदेश/ मौहम्मद अब्बास
संभल। भाजपा नामित सभासद ने सड़क पर एकत्र पशुओं को लेकर नगर पालिका परिषद सम्भल एवं प्रशासन से व्यवस्था करने की मांग की है।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष एवं नामित सभासद सैयद शान अली ने कहा कि सावन का पावन महीना प्रारंभ हो चुका है और कांवड़ यात्रा भी शुरू होने वाली है। ऐसे में संभल के चौधरी सराय चौराहे पर एक दर्जन से अधिक गोवंश अत्यंत बदहाल अवस्था में सड़कों पर भटकते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह स्थिति न केवल इन बेजुबान पशुओं के लिए चिंताजनक है, बल्कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं एवं अन्य राहगीरों की सुरक्षा की दृष्टि से भी गंभीर विषय है। संभल प्रशासन एवं नगर पालिका परिषद से विनम्र अनुरोध है कि इन निराश्रित एवं असहाय गोवंशों को तत्काल सुरक्षित गोशालाओं में पहुंचाकर उनके रहने, चारे, पानी एवं उपचार की समुचित व्यवस्था कराई जाए, ताकि वे सड़कों पर न भटकें और कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।


