अवैध मीट दुकानों पर ताला,कई के खिलाफ मुकदमे की तैयारी
बुलन्द संदेश/लायबा नूर
संभल जनपद के चन्दौसी क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को बड़ा अभियान चलाते हुए ज़ारई गेट स्थित मीट विक्रय दुकानों पर सख्त कार्रवाई की। जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष जांच अभियान में कई दुकानों को नियमों के उल्लंघन में संचालित पाया गया,जिसके चलते उन्हें तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग के प्रवर्तन दल द्वारा किए गए निरीक्षण में गोस मियाँ मीट शॉप, ज़ुल्फ़िकार मीट शॉप, वाजिद हुसैन मीट शॉप,जुनैद मीट शॉप, ग़ुलाम मोहम्मद मीट शॉप और नाज़िम मीट शॉप सहित कई प्रतिष्ठानों के खाद्य पंजीकरण व लाइसेंस निरस्त पाए गए। इसके बावजूद ये दुकानें अवैध रूप से संचालित हो रही थीं। टीम ने मौके पर ही सभी संचालकों को कारोबार बंद करने के निर्देश दिए और उनके खिलाफ माननीय न्यायालय में वाद दायर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।इसके अलावा निरीक्षण के दौरान नदीम मीट शॉप,अब्दुल लतीफ मीट शॉप, इरफ़ान मीट शॉप और मोहम्मद इसरार की दुकानें बंद मिलीं। इन प्रतिष्ठानों पर विभाग द्वारा नोटिस चस्पा किया गया और निर्देश दिए गए कि विधिवत निरीक्षण के बाद ही कारोबार शुरू किया जाए।सहायक आयुक्त (खाद्य) मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि जनपद में खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना लाइसेंस या नियमों के विरुद्ध कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


