बुलन्द संदेश /ब्यूरो
मुरादनगर। (नासिर मंसूरी)
थानाक्षेत्र के गांव भोवापुर में खेत में काम करने गया दस वर्षीय बच्चे की करंट लगने से मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि किसान पैसों का लालच देकर बच्चे को काम कराने के लिए ले गया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरु कर दी है। गांव भोवापुर निवासी संजय का दस वर्षीय पुत्र केशव शुक्रवार को खेत में काम करने के लिए गया था। काम करते हुए बच्चे बिजली के तार में चपेट में आ गया और बेहोश हो गया। परिजनों ने तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया,जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों का आरोप है कि किसान ने अपने खेत में तारबंदी करके बिजली का करंट छोड़ रखा है। किसान बच्चे को 100 रूपए देने का लालच देकर अपने साथ ले गया था। इस संबंध में पीड़ित परिवार ने थाने में तहरीर दी है। एसीपी मसूरी सर्कल सुनील कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर श्रीनिवास उर्फ सीओ निवासी भोवापुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।


