दुकान के ऊपर सोलर पैनल लगाने के दौरान लोहे का पाइप बिजली लाइन से टकराया, गमगीन माहौल में किया गया सुपुर्द-ए-खाक
सरधना। कालंद चुंगी पर दुकान के ऊपर सोलर पैनल लगाने के दौरान लोहे का पाइप 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन से टकरा गया। करंट की चपेट में आने से जुनेद की दर्दनाक मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बाद में गमगीन माहौल में जुनेद को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, जुनेद पुत्र जाहिद निवासी मोहल्ला इकड़ी रोड, धर्मपुरी, सरधना में कालंद चुंगी स्थित दुकान पर मिनी मेट्रो ठीक करने का काम करता था। बताया गया कि दुकान के ऊपर सोलर पैनल लगाने का काम चल रहा था। इसी दौरान जुनेद जैसे ही ऊपर पहुंचा, लोहे का पाइप पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन से टकरा गया। पाइप के बिजली लाइन के संपर्क में आते ही जुनेद करंट की चपेट में आ गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। करंट लगने से जुनेद की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। युवक की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बाद में परिजनों और रिश्तेदारों ने नम आंखों से जुनेद को सुपुर्द-ए-खाक किया। घटना के बाद परिवार और मोहल्ले में शोक का माहौल है।


