बुलन्द संदेश ब्यूरो
गाजियाबाद(आशा चौधरी) लोहा विक्रेता मंडल के तत्वावधान में मंडल कार्यालय के सभागार में उत्तर प्रदेश के राज्य कर विभाग गाजियाबाद के डिप्टी कमिश्नर और असिस्टेंट कमिश्नर तथा अन्य स्टाफ ने पधार कर गाजियाबाद के लोहा व्यापारियों के साथ एक बैठक और संवाद कार्यक्रम किया । जिसमें व्यापारियों ने दिन प्रतिदिन विभाग के संबंध में आ रही समस्याओं के बारे में चर्चा की और सबसे अधिक समस्या सचल दल विभाग के बारे में बताई गईं। आयकर विभाग द्वारा जारी पैन कार्ड पर यदि कोई माल की बिक्री की जाती है और बिल बनाया जाता है तो रास्ते में गाड़ी रोक कर परेशान किया जाता है । इसी तरह व्यापारियों ने राज्य कर विभाग द्वारा धारा 122 के अंतर्गत जारी किए जा रहे नोटिस के संबंध में भी निवेदन किया कि यह अनावश्यक है इनको निरस्त किया जाए । क्रेता द्वारा यदि किसी भी कारण से माल को वापस किया जाता है तो उसे संबंध में क्रेडिट नोट जारी करने पर कर निर्धारण के समय परेशानी का सामना करना पड़ता है।डिप्टी कमिश्नर जयप्रकाश मौर्य ने उपस्थित सभी व्यापारियों से अधिक से अधिक पंजीयन करने के लिए प्रेरित किया और बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार की यह अब नीति है कि 24 घंटे के अंदर आपको पंजीकरण प्रदान किया जाएगा। डिप्टी कमिश्नर ने यह भी अवगत कराया कि पिछले तीन माह में लोहा मंडी क्षेत्र की ओर से कर संग्रह में लगभग 15% की वृद्धि हुई है। उपस्थित व्यापारियों ने कर संग्रह की वृद्धि पर खुशी जताते हुए आश्वस्त किया कि सरलीकरण होगा तो कर संग्रह में और बढ़ोतरी होगी।आज की बैठक और संवाद कार्यक्रम में गाजियाबाद लोहा विक्रेता मंडल की ओर से अतुल कुमार जैन, अंबरीश जैन ,मोहनलाल अग्रवाल,सुधीर जैन, महेश गुप्ता,अविनाश चंद्र,संजय मित्तल, कपिल जैन और अमित अग्रवाल इत्यादि उपस्थित रहे, जीएसटी विभाग की ओर से जयप्रकाश अग्रवाल और आशुतोष गोस्वामी उपस्थित रहे। अंत में डॉ. अतुल कुमार जैन ने पधारे हुए अधिकारियों और सभी पदाधिकारीयों ,व्यापारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।


