बुलन्द संदेश ब्यूरो
-खेत पर जाते समय रहस्यमय ढंग से लापता हुई थी अंशिका
-वन्यजीव के हमले और अन्य आशंकाओं पर जांच तेज
पूरनपुर/पीलीभीत। पूरनपुर तहसील क्षेत्र के गांव जटपुरा से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई सात वर्षीय अंशिका का अगले भी कोई सुराग नहीं लग सका है। बच्ची की तलाश में शुक्रवार को भी पूरा गांव, पुलिस और वन विभाग की टीमें खेतों,गन्ने के खेतों और जंगल में घंटों तक कांबिंग करती रहीं,लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।बताया गया कि सात वर्षीय अंशिका खेत पर गए परिजनों के पास जाने के लिए निकली थी। गांव का ही एक युवक बाइक से कुछ दूरी तक छोड़कर चला गया। इसके बाद मासूम रहस्यमय ढंग से लापता हो गई।शाम को जब परिजन घर लौटे तो बेटी नहीं मिली। काफी देर तक तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला तो परिवार और ग्रामीण खेतों, गन्ने के खेतों तथा जंगल में खोजबीन में जुट गए। जिस स्थान पर बच्ची को बाइक सवार ने छोड़ा था वहां हाल ही में तेंदुए की लोकेशन मिलने की बात भी सामने आई है, जिससे वन्यजीव के हमले की आशंका और गहरा गई है। मासूम के पिता दूसरे प्रदेश में मजदूरी करने गए हुए हैं। शुक्रवार सुबह से पुलिस, वन विभाग और ग्रामीणों ने दोबारा सर्च अभियान चलाया। सूचना पर विधायक बाबूराम पासवान भी गांव पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर अधिकारियों को हर संभव प्रयास करने के निर्देश दिए। मौके पर नायब तहसीलदार अभिषेक त्रिपाठी, ऋषि दीक्षित, सामाजिक वानिकी रेंजर सोबरन सिंह और पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) की टीम भी मौजूद रही।मासूम के मां मीरा देवी ने हरिपुर चौकी में तहरीर देकर वन्यजीव के हमले के साथ-साथ किसी व्यक्ति द्वारा बच्ची को ले जाने की आशंका भी जताई है। पुलिस और वन विभाग दोनों पहलुओं पर जांच कर रहे हैं।सामाजिक वानिकी रेंजर सोबरन सिंह ने बताया कि गांव के पास तेंदुआ देखे जाने की पुष्टि हुई है। क्षेत्र में गन्ने का रकबा अधिक होने के कारण तलाश में दिक्कत आ रही है। खेतों और जंगल में व्यापक स्तर पर दोबारा कांबिंग कराई जाएगी। घटना के बाद पूरे जटपुरा और आसपास के गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीण बच्चों को अकेले बाहर नहीं जाने दे रहे हैं और जल्द से जल्द मासूम का पता लगाने की मांग कर रहे हैं।


